प्रकाशित खबर तथ्यहीन एवं भ्रामक, भाजपा चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने दिया स्पष्टीकरण
चंडीगढ़:- एक समाचार पत्र में प्रकाशित उस समाचार के संबंध में भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश के अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि खबर में किए गए दावे तथ्यों पर आधारित नहीं हैं। समाचार में दावा किया गया है कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री आदरणीय अमित शाह जी ने वरिष्ठ पदाधिकारियों की बैठक में नेताओं से पूछा कि मेयर चुनाव किसने खराब किया था और नेताओं द्वारा अनिल मसीह का नाम लिए जाने पर उन्होंने कहा कि उसे तो जेल होगी।
इस खबर पर स्पष्टीकरण देते हुए प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने कहा कि संभवतः संबंधित पत्रकार को इस विषय में गलत जानकारी प्राप्त हुई है, जिसके आधार पर यह समाचार प्रकाशित किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रकाशित खबर तथ्यों से परे है और बैठक में इस प्रकार की कोई बातचीत नहीं हुई।
उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पदाधिकारियों की यह बैठक पूरी तरह संगठनात्मक एवं रणनीतिक विषयों पर केंद्रित थी। बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, आगामी कार्यक्रमों तथा चंडीगढ़ नगर निगम के आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह जी ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को संगठनात्मक मजबूती और आगामी चुनावों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन दिया।
जतिंदर पाल मल्होत्रा ने दोहराया कि बैठक में न तो अनिल मसीह को लेकर कोई सवाल पूछा गया और न ही उनके संबंध में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी द्वारा जेल भेजने जैसी कोई टिप्पणी की गई। इस प्रकार की खबर को बैठक की वास्तविक कार्यवाही से जोड़ना सही नहीं है।
उन्होंने कहा कि समाचार प्रकाशित करने से पहले संबंधित तथ्यों की पुष्टि कर लेनी चाहिए थी। भारतीय जनता पार्टी जिम्मेदार एवं तथ्यपरक पत्रकारिता का सम्मान करती है।