हँसी के ठहाकों से गुंजायमान हुआ कलाग्राम चंडीगढ़
चंडीगढ़:- नॉर्थ ज़ोन कल्चरल सेंटर पटिलाया की ओर से आयोजित 3 दिवसीय कॉमेडी नाटक फेस्टिवल 2026 में पहले दिन कलाग्राम मंच, चंडीगढ़ पर हास्य-व्यंग्य और सामाजिक दोहरेपन पर आधारित नाटक ‘नेक चोर’ का मंचन किया गया। इस नाटक का संयुक्त निर्देशन कमलेश, विजय और कल्पना ने किया है।
नाटक की कहानी एक चोर से शुरू होती है, जो चोरी के इरादे से घर में घुसता है और आहट पाकर दीवार घड़ी के पीछे छिप जाता है। घर में एक पुरुष और महिला के प्रवेश और उनकी बातचीत से चोर को पता चलता है कि वह पुरुष घर का मालिक है, लेकिन महिला उसकी पत्नी नहीं है। चोर के बाहर आते ही हालात और उलझ जाते हैं और तभी घर की असली मालकिन भी आ जाती है। पति अपनी इज्जत बचाने के लिए चोर और महिला को पति-पत्नी बताकर खुद को बचाता है। स्थिति तब और अधिक हास्यास्पद हो जाती है जब पत्नी का मित्र और चोर की पत्नी भी वहां पहुंच जाते हैं। अंत में चोर, सबकी बेईमानियों से तंग आकर अपनी पत्नी को लेकर वहां से चला जाता है।
‘नेक चोर’ यह संदेश देता है कि एक साधारण चोर भी अपने रिश्तों में ईमानदारी निभाता है, जबकि आज के समाज में रिश्तों की नींव बेईमानी और पाखंड पर टिकी हुई है।
गौरव, शुभम, विनय, अंजनी, प्रतीक्षा और ऋचा ने अपने अभिनय से पात्रों को जीवंत किया, प्रकाश व्यवस्था कमलेश बैरवा की रही और संगीत संचालन रहा प्रदीप सोलंकी का। मंच पार्श्व में अनुरंजन, शुभम तिवारी और संदीप ने सहयोग किया।
कलाग्राम में गूंजेगा पंजाबी रंगमंच
कलाग्राम में पंजाबी नाटक ‘बाबा घसीटे दी नाटक मंडली’ का मंचन होगा। ईश्वर चंद्र नंदा द्वारा शेक्सपियर के ‘ए मिडसमर नाइट्स ड्रीम’ पर आधारित यह रूपांतरण प्रेम, भ्रम, जादू और गलत पहचान की कहानी को पंजाबी लोक रंगमंच, हास्य, संगीत और पारंपरिक नाटक मंडली की शैली में प्रस्तुत करेगा।