चंडीगढ़:- नॉर्थ ज़ोन कल्चरल सेंटर (एनजेडसीसी), पटियाला द्वारा कलाग्राम, चंडीगढ़ में आयोजित 25 दिवसीय ग्रीष्मकालीन कार्यशाला का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ भव्य समापन हुआ। इस कार्यशाला में 8 से 17 वर्ष आयु वर्ग के 200 से अधिक बच्चों ने पंजाबी एवं हरियाणवी लोक नृत्य, थिएटर तथा आर्ट एंड क्राफ्ट का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
समापन समारोह में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। कार्यक्रम की शुरुआत पंजाबी लोक नृत्य झूमर से हुई, जिसके बाद जूनियर ग्रुप ने हरियाणवी लोक नृत्य पाखी और पंजाबी लोक नृत्य सम्मी प्रस्तुत किया। जूनियर ग्रुप के ऊर्जावान भांगड़ा ने भी दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘अहिल्याबाई होल्कर’ पर आधारित लगभग 40 मिनट का नाट्य मंचन रहा, जिसमें बच्चों ने अपने अभिनय से ऐतिहासिक चरित्र को जीवंत कर दिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने प्रशिक्षकों, सहायक प्रशिक्षकों और संगीतकारों को उनके योगदान के लिए सम्मानित भी किया।
समारोह के दूसरे चरण में पंजाबी लोक नृत्य लुड्डी, जिंदुआ, हरियाणवी लोक नृत्य घूमर, पंजाबी गिद्धा तथा सीनियर ग्रुप के जोशीले भांगड़ा के साथ ग्रैंड फिनाले प्रस्तुत किया गया। रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा में सजे बच्चों ने पूरे माह के प्रशिक्षण की झलक मंच पर पेश कर पंजाब और हरियाणा की समृद्ध लोक संस्कृति का जीवंत चित्र प्रस्तुत किया।
एनजेडसीसी के डायरेक्टर डॉ अश्विन दलवी ने बताया कि इसके साथ ही कार्यशाला के दौरान बच्चों द्वारा तैयार की गई आर्ट एंड क्राफ्ट की आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे उपस्थित अभिभावकों और दर्शकों ने सराहा। समापन समारोह के मुख्य अतिथि के. एस. गुरु, चेयरमैन, चाइल्ड वेलफेयर कमेटी, ने बच्चों को निरंतर अपनी प्रतिभा को निखारने और भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया।


