पौड़ी गढ़वाल – जनपद पौड़ी गढ़वाल के युवाओं को भारतीय सेना में सेवा का अवसर दिलाने तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से ISSA Foundation द्वारा रांसी ग्राउंड में एक विशेष एवं सुनियोजित अग्निवीर फिजिकल प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया गया। लगभग छह माह तक चले इस आवासीय एवं नियमित प्रशिक्षण अभियान में जनपद के विभिन्न विकासखण्डों से लगभग 50 युवाओं ने प्रतिभाग किया और सेना में भर्ती होने के अपने सपने को साकार करने के लिए कठिन परिश्रम किया। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को प्रतिदिन सुबह एवं शाम अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा दौड़, शारीरिक दक्षता, सहनशक्ति, अनुशासन एवं सेना भर्ती से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। युवाओं के बेहतर प्रदर्शन और शारीरिक विकास को ध्यान में रखते हुए ISSA Foundation द्वारा सभी प्रतिभागियों को जूते, ट्रैक सूट, जुराबें, निक्कर, टी-शर्ट एवं अन्य आवश्यक खेल सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराई गई।
युवाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशिक्षण अवधि में नियमित रूप से विशेष पौष्टिक आहार की व्यवस्था भी की गई। प्रतिदिन युवाओं को भीगे हुए चने, काजू, किशमिश, बादाम, छुहारे, केले, दूध एवं अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जाते रहे, जिससे उनकी शारीरिक क्षमता, ऊर्जा एवं सहनशक्ति में निरंतर वृद्धि हो सके। जब भर्ती प्रक्रिया प्रारम्भ हुई तो ISSA Foundation ने अभ्यर्थियों को भर्ती स्थल तक पहुँचाने की जिम्मेदारी भी निभाई। युवाओं को भर्ती हेतु विशेष बस की व्यवस्था कर कोटद्वार भर्ती मैदान तक ले जाया गया, जिससे किसी भी अभ्यर्थी को आर्थिक अथवा परिवहन संबंधी कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।
इस कठोर परिश्रम, समर्पण और सुनियोजित प्रशिक्षण का परिणाम दिनांक 27 मई 2026 को घोषित अग्निवीर भर्ती परिणाम में देखने को मिला, जब जनपद पौड़ी गढ़वाल के विभिन्न विकासखण्डों से प्रशिक्षण प्राप्त 28 युवाओं का भारतीय सेना में चयन हुआ। यह उपलब्धि न केवल चयनित युवाओं एवं उनके परिवारों के लिए गर्व का विषय है, बल्कि सम्पूर्ण जनपद पौड़ी गढ़वाल के लिए भी एक ऐतिहासिक सफलता है। यह सम्पूर्ण प्रशिक्षण अभियान ISSA Foundation के संस्थापक श्री आई.एस. नेगी जी के दूरदर्शी नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संचालित किया गया। उनके निरंतर प्रयासों, युवाओं के प्रति समर्पण तथा राष्ट्रसेवा की भावना ने अनेक युवाओं के जीवन को नई दिशा प्रदान की है।
जनपद स्तर पर इस महत्वाकांक्षी परियोजना का सफल संचालन एवं क्रियान्वयन अमन कुमार द्वारा किया गया, जिन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम की सम्पूर्ण व्यवस्थाओं, युवाओं के मार्गदर्शन, समन्वय एवं निगरानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अभियान को सफल बनाने में आलोक रावत जी का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। इसके अतिरिक्त संग्राम सिंह नेगी, मनोज बिष्ट, श्रीमती गंगोत्री नेगी, श्रीमती काजल रावत, धर्म सिंह, डी.एस. रावत एवं विशेष रूप से सतवीर सिंह का योगदान अत्यंत सराहनीय एवं प्रेरणादायक रहा। इन सभी के सामूहिक प्रयासों एवं टीम भावना के परिणामस्वरूप जनपद के युवाओं को यह महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई।
ISSA Foundation ने चयनित सभी युवाओं एवं उनके परिवारों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि भविष्य में भी संस्था जनपद के युवाओं को सेना, अर्द्धसैनिक बलों एवं अन्य रोजगारपरक अवसरों के लिए प्रशिक्षित एवं प्रेरित करती रहेगी। संस्था का उद्देश्य केवल भर्ती तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर, अनुशासित एवं राष्ट्र निर्माण में सहभागी नागरिक बनाना भी है। जनपद पौड़ी गढ़वाल के लिए यह उपलब्धि एक नई प्रेरणा है, जो यह सिद्ध करती है कि सही मार्गदर्शन, समर्पित प्रयास और दृढ़ संकल्प के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।


