देहरादून में भक्ति का महाकुंभ: कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आगाज

देहरादून:- देवभूमि देहरादून में भव्य श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ बड़े ही श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। कथा के पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कथा से पूर्व भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। सिर पर कलश धारण कर श्रद्धालुओं ने पूरे क्षेत्र में भक्ति का संदेश फैलाया। यात्रा के दौरान “राधे-राधे” और “जय श्रीकृष्ण” के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
प्रसिद्ध कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज द्वारा कथा का वाचन किया जा रहा है, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया जा रहा है।
इस पावन अवसर पर उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री खजान दास मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कथा का विधिवत उद्घाटन किया और कथा का आनंद भी लिया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक जागरूकता का संचार करते हैं।
कार्यक्रम में देश के न्याय क्षेत्र से जुड़े विशिष्ट अतिथि, चीफ जस्टिस स्तर के गणमान्य व्यक्तियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे आयोजन की भव्यता और बढ़ गई।
कथा स्थल “राधे-राधे” और “जय श्रीकृष्ण” के जयकारों से गूंज उठा। आकर्षक सजावट और भव्य व्यवस्थाओं ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
आयोजकों के अनुसार, यह कथा कई दिनों तक चलेगी, जिसमें प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। कथा के साथ भजन-कीर्तन और अन्य धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। आयोजकों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कथा श्रवण करने का आग्रह किया है।
इस अवसर पर राजवीर सिंह, विनोद कम्बोज, विवेक गुप्ता, प्रवीण रस्तोगी, प्रवजोत साहनी और सुभाष चावला सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *