चंडीगढ़ (सुरेंद्र नेगी/यूकेन्यूज24) – इंडियन ऑडिट एंड अकाउंट्स डिपार्टमेंट नार्थ ज़ोन फुटबॉल टूर्नामेंट के तीसरे दिन एजी उत्तर प्रदेश ने एजी हिमाचल प्रदेश के ख़िलाफ़ 3-0 से मैच जीता। सबसे पहले, मैच के चौथे मिनट में ही प्रति कनौजिया ने मैच का पहला गोल किया। इसके बाद अंकित पिल्लै ने मैच के छठे मिनट में मैच का दूसरा गोल कर दिया। मैच के 46वें मिनट में प्रति कनौजिया के एक और गोल के बाद एजी यूपी ने एजी हिमाचल प्रदेश से 3-0 से मुकाबला जीत लिया। लेकिन गोल औसत में अंतर के कारण एजी यूपी की टीम इस टूर्नामेंट से बाहर हो गई। दूसरा मैच एजी दिल्ली और एजी हरियाणा के बीच खेला गया जिसमें एजी दिल्ली ने 3-0 से मैच जीतकर न केवल फाइनल में जगह बनाई बल्कि ऑल इंडिया (इंटर-ज़ोनल) फुटबॉल टूर्नामेंट के लिए भी क्वालीफ़ाई कर लिया। इस मैच में नितेश शर्मा ने 10वें मिनट में पहला गोल किया, ओबेद कम्बेई ने 50वें मिनट में दूसरा गोल किया। इसके बाद 56वें मिनट में हितेन्द्र सिंह रावत ने मैच का तीसरा गोल किया।

तीसरा मैच एजी जम्मू-कश्मीर और एजी पंजाब के बीच खेला गया। यह मैच बहुत रोमांचक रहा। दोनों ही टीमों को गोल के लिए काफ़ी संघर्ष करना पड़ा। हालांकि मैच के 46वें मिनट में आसिफ़ ने एजी जम्मू-कश्मीर टीम का खाता खोला। लेकिन एजी पंजाब के सौरभ ने मैच के 65वें मिनट में गोल करके 1-1 की बराबरी कर ली। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर ने भी न सिर्फ़ फाइनल में अपना स्थान पक्का किया बल्कि इंटर-ज़ोनल फुटबॉल टूर्नामेंट के लिए क्वालीफ़ाई भी कर लिया। इसके साथ ही एजी दिल्ली और एजी जम्मू-कश्मीर की टीमों ने अपने-अपने ग्रुप की ओर से फाइनल में जगह बना ली। इस टूर्नामेंट का फाइनल मुक़ाबला 20 फ़रवरी को खेला जाएगा।

