डॉ. संगीता लाहा चौधरी की पुस्तक ‘त्योहारों और धुनों का एशिया’ का भव्य लोकार्पण
चंडीगढ़:- स्वर सप्तक सोसाइटी के तत्वावधान में गवर्नमेंट म्यूज़ियम एंड आर्ट गैलरी, सेक्टर-10, चंडीगढ़ में लेखिका डॉ. संगीता लाहा चौधरी की पुस्तक ‘त्योहारों और धुनों का एशिया’ का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आर.के. गोयल, सेवानिवृत्त प्रोफेसर (फिजिक्स), गवर्नमेंट पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज, सेक्टर-11, चंडीगढ़ थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता साहित्यकार प्रेम विज ने की, जबकि डॉ. सरिता मेहता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। के.के. शारदा, डॉ. विनोद कुमार शर्मा तथा बलकार सिद्धू सम्मानित अतिथि के रूप में शामिल हुए। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से पुस्तक का लोकार्पण किया और लेखिका को शुभकामनाएं दीं। पुस्तक का प्रकाशन सृष्टि प्रकाशन ने किया है।
पुस्तक के बारे में जानकारी देते हुए डॉ. संगीता लाहा चौधरी ने बताया कि ‘त्योहारों और धुनों का एशिया’ में एशिया के विभिन्न देशों के प्रमुख त्योहारों और उनसे जुड़े संगीत को शामिल किया गया है। इसमें दक्षिण एशिया, दक्षिण-पूर्व एशिया और पूर्वी एशिया के देशों की सांस्कृतिक परंपराओं, उत्सवों और उनके संगीत का विस्तार से उल्लेख किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस पुस्तक को तैयार करने के लिए उन्होंने संबंधित देशों की यात्राएं कीं और वहां के लोगों से बातचीत एवं साक्षात्कार किए। पुस्तक लिखने का मुख्य उद्देश्य भारतीय पाठकों, विशेषकर भारतवासियों को एशिया के अन्य देशों की संस्कृति, त्योहारों और उनसे जुड़े संगीत से परिचित करवाना है। उन्होंने कहा कि विभिन्न देशों की सांस्कृतिक परंपराओं को जानना और समझना बेहद जरूरी है, क्योंकि संगीत किसी भी त्योहार की भावनाओं और उत्सव की आत्मा होता है।
इस दौरान डॉ. संगीता ने सिंगापुर के एक त्योहार से जुड़ा गीत ‘लो हे शुन शि’ गाकर भी सुनाया। उन्होंने बताया कि पुस्तक के शोध एवं लेखन कार्य के सिलसिले में उन्होंने फिलीपींस, इंडोनेशिया, कंबोडिया, वियतनाम, मलेशिया, चीन, मंगोलिया और श्रीलंका सहित 13 देशों की यात्रा की। इन देशों के स्थानीय लोगों ने उनके शोध कार्य में भरपूर सहयोग दिया। उनके इस कार्य के लिए विभिन्न देशों में उन्हें सम्मानित भी किया गया और कई पुरस्कार प्रदान किए गए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि आर.के. गोयल ने पुस्तक पर अपने विचार रखते हुए कहा कि जानकारी की दृष्टि से यह पुस्तक बेहद उपयोगी है। एशिया के अनेक देशों के त्योहारों और उनके संगीत के बारे में एक ही पुस्तक में पढ़ना पाठकों के लिए एक नया और रोचक अनुभव होगा। उन्होंने लेखिका के शोध, मेहनत और समर्पण की सराहना की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे साहित्यकार प्रेम विज ने कहा कि यह पुस्तक पाठकों को एशिया की साझा सांस्कृतिक विरासत से जोड़ती है। इस तरह के प्रयास नई पीढ़ी को अपनी जड़ों के साथ-साथ दूसरे देशों की संस्कृति और परंपराओं को समझने का अवसर देते हैं। उन्होंने डॉ. संगीता को इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए बधाई दी।
कवि एवं साहित्यकार डॉ. विनोद कुमार शर्मा ने कहा कि पुस्तक में दी गई जानकारी रोचक होने के साथ-साथ प्रामाणिक भी है। विभिन्न देशों की यात्राओं और वहां के लोगों के साथ किए गए साक्षात्कारों के आधार पर तैयार की गई यह पुस्तक विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं के लिए भी काफी लाभदायक साबित होगी। उन्होंने लेखिका के प्रयासों की सराहना की।
समारोह में पुस्तक की विषयवस्तु को संगीत के माध्यम से भी प्रस्तुत किया गया। स्वर सप्तक के छात्र-छात्राओं ने दक्षिण एशिया के भारत, नेपाल और पाकिस्तान, दक्षिण-पूर्व एशिया के थाईलैंड, इंडोनेशिया और सिंगापुर तथा पूर्वी एशिया के जापान के त्योहारों से जुड़े गीत प्रस्तुत किए। सभी प्रस्तुतियां डॉ. संगीता के निर्देशन में तैयार की गई थीं। उन्होंने स्वयं छात्र-छात्राओं को इन गीतों के लिए प्रशिक्षित किया था। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में मौजूद लोगों का मन मोह लिया।
उन्होंने अपने पति डॉ. सुप्रभात लाहा के स्नेह और निरंतर सहयोग के लिए विशेष धन्यवाद दिया। साथ ही पुस्तक के प्रकाशक सृष्टि प्रकाशन का भी आभार जताया।