14 देशों के 56 विदेशी गोल्फर भारत में दिखाएंगे दम, 12 नवंबर से इंटरनेशनल ओपन
नई दिल्ली:- भारत में पहली बार नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत करने की दिशा में पिच एंड पुट गोल्फ को बड़ा मंच मिलने जा रहा है। 12 नवंबर से हरियाणा के नूंह स्थित तरुधन वैली में इंडिया इंटरनेशनल पिच एंड पुट ओपन-2026 खेला जाएगा। इसमें 14 देशों के 56 विदेशी खिलाड़ियों समेत कुल 72 गोल्फर हिस्सा लेंगे। केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया। इसके साथ ही टूर्नामेंट की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। FIPPA की मान्यता, भारतीय खिलाड़ियों को मिलेगा मौका प्रतियोगिता को पिच एंड पुट की वैश्विक संस्था फेडरेशन ऑफ इंटरनेशनल पिच एंड पुट एसोसिएशंस (FIPPA) की मान्यता मिली है। इससे टूर्नामेंट का अंतरराष्ट्रीय महत्व बढ़ा है। भारतीय खिलाड़ियों को भी विदेशी गोल्फरों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का मौका मिलेगा। इंडियन पिच एंड पुट एसोसिएशन (IPPA) के अध्यक्ष मुनीष अरोड़ा ने कहा कि 14 देशों के खिलाड़ियों की भागीदारी भारत में इस खेल की बढ़ती लोकप्रियता का संकेत है। एसोसिएशन का लक्ष्य भारत को पिच एंड पुट के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना और घरेलू खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर देना है। ट्रॉफी अनावरण समारोह में ऐसोसिएशन के चीफ पैट्रन पुनीत सिंह और चीफ एडवाइजर राजन सहगल भी मौजूद रहे।