देहरादून रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति किया गया जागरूक
देहरादून :- स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत देहरादून रेलवे स्टेशन पर Special Campaign 6.O के तहत यात्रियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति जागरूक करने हेतु विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान यात्रियों को कचरे के उचित निस्तारण के लिए चार प्रकार के डस्टबिन का उपयोग करने तथा गीले कचरे, सूखे कचरे, सैनिटरी वेस्ट एवं विशेष कचरे को निर्धारित डस्टबिन में अलग-अलग डालने के महत्व की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए बताया गया कि कचरे का स्रोत पर पृथक्करण पर्यावरण संरक्षण एवं प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। साथ ही, यात्रियों को रेलवे स्टेशन परिसर में कचरा इधर-उधर न फेंकने तथा निर्धारित डस्टबिन का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों से अपील की गई कि वे स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं तथा कचरे का उचित निस्तारण कर रेलवे स्टेशन परिसर को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने में अपना योगदान दें।