हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय में नशा मुक्त भारत अभियान का आयोजन; छात्रों को दिलाई गई नशा मुक्ति की शपथ
श्रीनगर:- हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय, श्रीनगर में ‘विकसित भारत मिशन’ के तहत ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ का एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर एवं छात्रावासों के छात्रों को नशे से दूर रहने तथा समाज को जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के मुख्य छात्र सलाहकार प्रोफेसर मदन मोहन सेमवाल ने कहा कि युवाओं को हर प्रकार के व्यसन से दूर रहना चाहिए। उन्होंने रेखांकित किया कि नशा न केवल किसी व्यक्ति विशेष का जीवन तबाह करता है, बल्कि इसका गंभीर और हानिकारक प्रभाव पूरे परिवार, समाज और देश के विकास पर भी पड़ता है।
विश्वविद्यालय के नशा मुक्त भारत अभियान के नोडल अधिकारी प्रोफेसर जय प्रकाश भट्ट ने सामूहिक संकल्प पर बल देते हुए कहा, “अब समय आ गया है कि हम सभी यह दृढ़ संकल्प लें कि न तो हम स्वयं नशा करेंगे और न ही किसी अन्य को करने देंगे।” उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने में युवाओं की अहम भूमिका होनी चाहिए।
राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ. राकेश सिंह नेगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का उल्लेख करते हुए देश के प्रत्येक नागरिक से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत और ‘विकसित भारत 2047’ के सपने को साकार करने के लिए एक सशक्त और स्वस्थ युवा पीढ़ी का होना आवश्यक है। देश के विकास में युवाओं की पूर्ण सहभागिता और सहयोग ही भारत को विश्व पटल पर श्रेष्ठ स्थान दिलाएगा।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारियों, संकाय सदस्यों, NSS स्वयंसेवकों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया तथा देश को नशा मुक्त बनाने का संकल्प दोहराया।