नशामुक्त युवा—सशक्त भारत—सुरक्षित भारत विषय पर सेक्टर 56, चंडीगढ़ में युवाओं से संवाद
चंडीगढ़ :- “नशामुक्त युवा—सशक्त भारत—सुरक्षित भारत” के संकल्प को लेकर सेक्टर 56 में नृसिंह भक्ति सेवा संस्थान भारतवर्ष के सौजन्य से युवाओं के साथ विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नृसिंह पीठाधीश्वर स्वामी रसिक महाराज, अध्यक्ष सनातन धर्म विकास परिषद उत्तर प्रदेश (कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त) ने युवाओं से संवाद करते हुए नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों और उससे समाज एवं राष्ट्र पर पड़ने वाले गंभीर प्रभावों पर चर्चा की।
स्वामी रसिक महाराज ने कहा कि युवा शक्ति भारत की सबसे बड़ी ताकत है। यदि देश का युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, संस्कार, खेल, योग, अध्यात्म और राष्ट्र निर्माण के कार्यों से जुड़ेगा, तो भारत को विश्व की अग्रणी शक्ति बनने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि परिवार की खुशियां और सामाजिक व्यवस्था भी प्रभावित करता है।
उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि “नशे को ना, संस्कारों को हां” का संकल्प लेकर अपने साथियों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा को अपने परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी समझनी चाहिए तथा नशे के विरुद्ध जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
स्वामी रसिक महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। स्वस्थ, शिक्षित, संस्कारित और नशामुक्त युवा ही मजबूत समाज और सशक्त राष्ट्र की आधारशिला बन सकते हैं।
इस अवसर पर युवाओं ने नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के लिए जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं ने स्वामी रसिक महाराज के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना और सामाजिक जागरूकता के इस अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। संवाद कार्यक्रम में प्रमुख रूप से भाजपा के युवा नेता राजेश पासवान, सरदार मंजीत बाजवा, कृष्ण कुमार, नवदीप सिंह, सुखदेव सिंह, राजेश सजवाण, साहिब सिंह, बलजिंदर सिंह, दीपक कूंडू, चंदन सिंह, प्रवीन जुंतवान उपस्थित रहे।