30 अगस्त 2026 से शुरू शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग, शुभमन गिल, अर्शदीप सिंह कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी खेलते नजर आएंगे
न्यू चंडीगढ़:- पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) ने न्यू चंडीगढ़ में शेर-ए-पंजाब टी20 लीग का आधिकारिक शुभारंभ किया, जो 30 अगस्त 2026 से 13 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाली इस लीग का उद्देश्य पंजाब के युवा क्रिकेटरों को पेशेवर मंच उपलब्ध कराना और उन्हें देश के शीर्ष खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर देना है। लीग के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 9 अगस्त को होगी, जिसमें छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी।
लीग का शुभारंभ पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर और अध्यक्ष अमरजीत सिंह मेहता ने भारतीय कप्तान शुभमन गिल और अर्शदीप सिंह की उपस्थिति में किया। इस दौरान टूर्नामेंट के आधिकारिक लोगो का भी अनावरण किया गया। टूर्नामेंट में छह टीमें खिताब के लिए कुल 27 मुकाबले खेलेंगी। टूर्नामेंट के उद्घाटन संस्करण में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल, तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह, अभिषेक शर्मा, गुरनूर बराड़, प्रभसिमरन सिंह और रामनदीप सिंह जैसे कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी खेलते नजर आएंगे।प्रतियोगिता राउंड-रॉबिन प्रारूप में आयोजित होगी। प्रत्येक फ्रेंचाइजी के पास एक मार्की खिलाड़ी और कम से कम दो आइकन खिलाड़ी होंगे, जिससे अंतरराष्ट्रीय सितारों, घरेलू खिलाड़ियों और उभरती प्रतिभाओं का बेहतरीन मिश्रण देखने को मिलेगा।
इस अवसर पर भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि, ‘शेर-ए-पंजाब टी20 लीग युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने और पंजाब तथा भारत के लिए खेलने की दिशा में आगे बढ़ने का शानदार मंच है। पंजाब ने हमेशा देश को बेहतरीन क्रिकेटर दिए हैं और मुझे विश्वास है कि यह लीग भविष्य में कई नई प्रतिभाओं को सामने लाएगी। मैं पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन को इस पहल और लीग की सफलता की शुभकामनाएं देता हूं।’
पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर ने कहा कि, ‘पंजाब हमेशा से भारतीय क्रिकेट की मजबूत आधारशिला रहा है। लाला अमरनाथ से लेकर युवराज सिंह और अब शुभमन गिल, अर्शदीप सिंह, प्रभसिमरन सिंह तथा हरमनप्रीत कौर जैसे खिलाड़ियों तक, राज्य ने लगातार विश्वस्तरीय क्रिकेटर दिए हैं।’ उन्होंने आगे कहा कि, मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान की दूरदर्शी सोच से शुरू की गई यह लीग पंजाब के युवा खिलाड़ियों को पेशेवर मंच प्रदान करेगी, जहां वे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ खेलकर अपने करियर को नई दिशा दे सकेंगे। पीसीए अध्यक्ष अमरजीत सिंह मेहता ने कहा कि, मुख्यमंत्री भगवंत मान के सहयोग से शुरू हुई यह लीग राज्य के क्रिकेट के भविष्य को मजबूत करेगी। इससे युवा खिलाड़ियों को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने का अवसर मिलेगा।’ इस अवसर पर पीसीए के उपाध्यक्ष दीपक बाली, कोषाध्यक्ष सुनील गुप्ता और संयुक्त सचिव सिद्धांत शर्मा ने फ्रेंचाइज़ी मालिकों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
न्यू चंडीगढ़ में आधिकारिक शुभारंभ किया समारोह के दौरान लीग के खिलाड़ियों की नीलामी की तारीख का भी ऐलान किया गया। 9 अगस्त को होने वाली नीलामी में अमृतसर, फाजिल्का, जालंधर, लुधियाना, मोहाली और बठिंडा की छह फ्रेंचाइजियां अपनी-अपनी टीमें तैयार करेंगी। प्रत्येक फ्रेंचाइजी के लिए 45 लाख रुपये का सैलरी पर्स निर्धारित किया गया है। मार्की खिलाड़ी की कीमत 10 लाख रुपये, आइकन खिलाड़ी का बेस प्राइस 1.50 लाख रुपये, पंजाब के प्रथम श्रेणी खिलाड़ियों का 1 लाख रुपये, अंडर-23 खिलाड़ियों का 75 हजार रुपये, अंडर-19 खिलाड़ियों का 50 हजार रुपये तथा जिला स्तर के खिलाड़ियों का 20 हजार रुपये तय किया गया है। प्रत्येक टीम अधिकतम 20 खिलाड़ियों का स्क्वॉड रख सकेगी।